Chhattisgarh

KORBA:सतरेगा पर्यटन रिसॉर्ट में घुसा 8 फीट लंबा किंग कोबरा, सर्किट बोर्ड के पीछे छिपा था सांप

कोरबा,10 सितम्बर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट स्थित रिसॉर्ट में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपा मिला। किंग कोबरा दिखाई देने की सूचना मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तिखार खान ने वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय रेस्क्यू टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल, नरेश और देव मरावी को सतरेगा के लिए रवाना किया गया। इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय को भी दी गई। उनके निर्देशानुसार उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन एवं बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू शुरू करने से पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली बंद कराई गई। किंग कोबरा विद्युत सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था, जिससे उसे सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। करीब एक घंटे की सावधानीपूर्वक मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने लगभग 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

किंग कोबरा के रेस्क्यू की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक मौके पर जमा हो गए। लोग सांप का वीडियो बनाने लगे। इस दौरान रेस्क्यू टीम ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

कोरबा जिले के लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला, कुदमुरा और आसपास के वन क्षेत्रों से पिछले कुछ समय में छोटे आकार के किंग कोबरा सामने आए हैं। छोटे किंग कोबरा का लगातार मिलना क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास की उपलब्धता का संकेत माना जा सकता है। हालांकि, क्षेत्र में किंग कोबरा की वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है।

स्थानीय लोगों में भी किंग कोबरा और अन्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। सांप दिखाई देने पर उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय लोग वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दे रहे हैं। समय पर सूचना मिलने और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ने से मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा मिल रहा है।

वन विभाग एवं नोवा नेचर ने लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें। स्वयं पकड़ने या उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button