Chhattisgarh

सक्ती में पीएम आवास योजना में बड़ा घोटाला! शासकीय गोचर भूमि पर आवास बनाने की तैयारी, पटवारी सस्पेंड

0 बाराद्वार नगर पंचायत में नक्शे से छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप, कलेक्टर ने बैठाई जांच

सक्ति, 28 मई । सक्ती जिले के बाराद्वार नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) को लेकर बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि नगर पंचायत के कुछ जनप्रतिनिधियों और एक पटवारी ने मिलकर शासकीय गोचर भूमि पर पीएम आवास निर्माण की तैयारी कर ली थी। इसके लिए सरकारी जमीन के नक्शे में कथित तौर पर छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।

बाराद्वार नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के कुछ पार्षद पटवारी के साथ मिलकर करीब 700 परिवारों को गुमराह कर रहे हैं और पीएम आवास दिलाने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूल रहे हैं।

अभिषेक राय के मुताबिक फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय जमीन पर आवास स्वीकृत कराने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम आवास योजना को कुछ लोग कमाई का जरिया बना चुके हैं और गरीब परिवारों के सपनों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गरीब परिवार इस कथित धोखाधड़ी को समझ नहीं पा रहे हैं, लेकिन भविष्य में उन्हें कानूनी और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए जांच टीम गठित कर दी गई है।

अब इस मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। पीएम आवास योजना से जुड़े इस कथित घोटाले ने नगर पंचायत बाराद्वार की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button