Chhattisgarh

शिवरीनारायण मेला : सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क

जांजगीर-चांपा, 03 फरवरी 2026। जिला जांजगीर-चांपा के शिवरीनारायण में आयोजित ऐतिहासिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

पुलिस टीम द्वारा मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। रात्रिकालीन गश्त भी बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संभावित अपराधों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने मेले में मौजूद युवकों से हजारों स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए हैं, जिनका उपयोग हमले या झगड़े में किया जा सकता था।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। बुलेट वाहनों में प्रेशर हॉर्न एवं मोडिफाई साइलेंसर लगाने वालों पर मौके पर कार्रवाई करते हुए साइलेंसर निकाले गए। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच ब्रेथ एनालाइजर मशीन से की जा रही है। शराबी वाहन चालक पाए जाने पर वाहन जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने अपील की है कि वे अत्यधिक कीमती आभूषण पहनकर मेला परिसर में न आएं। आवश्यक होने पर गहनों को सुरक्षित रूप से कपड़ों में पिन लगाकर रखने की सलाह दी गई है, जिससे चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि छोटे बच्चों की जेब में माता-पिता का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर अवश्य लिखकर रखें। भीड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों को गोद में या कंधे पर रखने की सलाह दी गई है।

मेला एवं शहर क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर ठेले या दुकानों का सामान फैलाने पर कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को भी सड़क पर अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, अनुशासन एवं नियमों का पालन करते हुए मेला व मंदिर दर्शन संपन्न करें और पुलिस का सहयोग करें।
जिला पुलिस प्रशासन शिवरीनारायण मेला को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

— सुरक्षित रहें, सतर्क रहें —

Related Articles

Back to top button