Chhattisgarh

शासकीय कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में दैनिक अखबार अनिवार्य करने की मांग

कोरबा। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं स्कूल–कॉलेजों में दैनिक समाचार पत्र (अखबार) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा को एक ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि दैनिक समाचार पत्र स्थानीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण घटनाओं, समसामयिक विषयों और रचनात्मक सामग्री को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि जिले के शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से अखबार पहुँचें, तो विद्यार्थियों को देश-दुनिया की ताजा जानकारी मिलेगी, जिससे उनका सामान्य ज्ञान और बौद्धिक विकास होगा। साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों को भी समसामयिक विषयों से अद्यतन रहने में सहायता मिलेगी।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के सदस्यों की आजीविका का मुद्दा भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया है। बताया गया है कि अखबार वितरक प्रतिदिन तड़के समाचार पत्र वितरण कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के कारण अखबारों का प्रसार लगातार घट रहा है, जिससे इस व्यवसाय से जुड़े निचले स्तर के लोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है।

अंत में कलेक्टर महोदय से आग्रह किया गया है कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं स्कूल–कॉलेजों में दैनिक समाचार पत्रों की अनिवार्यता संबंधी आदेश शीघ्र जारी किए जाएँ, जिससे एक ओर सूचना एवं ज्ञान का प्रसार हो और दूसरी ओर अखबार वितरण से जुड़े परिवारों को रोजगार का संबल मिल सके।

Related Articles

Back to top button