शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में चिस्दा की छात्राओं ने लहराया परचम

0.विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला व संभाग स्तर तक बनाई पहचान
सक्ती। शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) की छात्राओं ने सत्र 2026-27 की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला स्तर से होते हुए संभाग स्तर तक अपनी जगह बनाई।
कन्या क्रीड़ा परिसर की अधीक्षिका श्रीमती संगीता प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में छात्राओं ने योगा, कबड्डी, खो-खो, सॉफ्टबॉल, सॉफ्ट टेनिस और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। छात्राओं ने विकासखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिला एवं संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में स्थान बनाया।
संभाग स्तर तक पहुंचने वाली छात्राओं में कु. दिपीका खांडे, कु. मुस्कान महंत, कु. शुभांगी, कु. प्रियांशु सारथी, कु. भारती सारथी, कु. अनिता महंत, कु. आरती बघेल, कु. सोनिया केवट, कु. स्तुति घितौरे, कु. नैंसी बंजारे, कु. विमला सारथी, कु. अनामिका बघेल, कु. हुनर सारथी, कु. संध्या खूंटे, कु. मेघा बंजारे, कु. पूजा रात्रे एवं कु. गीता पाटले शामिल हैं।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला सक्ती की सहायक आयुक्त सुश्री स्वप्निता सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं की सफलता से कन्या क्रीड़ा परिसर में हर्ष का माहौल है।




