शराब के नशे में स्वराज माजदा चालक ने मचाया उत्पात, बैरियर तोड़ 2 किमी तक दौड़ाया वाहन

पशुओं, खड़ी गाड़ियों और राहगीरों को मारी टक्कर; पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन चला रहे एक स्वराज माजदा चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत चालक ने ग्राम केशला मोड़ के पास PWD बैरियर को तोड़ दिया और बैरियर वाहन में फंसी होने के बावजूद करीब दो किलोमीटर तक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता रहा। इस दौरान उसने सड़क पर बैठे पशुओं, खड़ी गाड़ियों और राह चलते लोगों को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार घटना 9 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे की है। आरोपी मनोज कुमार पटेल (50), निवासी अंबेडकर चौक, रामनगर सुपेला, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग स्वराज माजदा क्रमांक CG 07 BN 3365 को शराब के नशे में ग्राम ससहा की ओर से चला रहा था। ग्राम केशला मोड़ के पास PWD का बैरियर लगा हुआ था, जिसे आरोपी ने वाहन से टक्कर मारकर तोड़ दिया। बैरियर वाहन में फंस जाने के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब दो किलोमीटर तक उसे तेज रफ्तार से दौड़ाता रहा।
इस दौरान आरोपी ने सड़क पर बैठे गाय एवं अन्य पशुओं, अंबेडकर चौक पर खड़ी गाड़ियों तथा राह चलते नागरिकों को लापरवाहीपूर्वक टक्कर मारकर दुर्घटना कारित की। मामले की रिपोर्ट पर पामगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत धारा 281, 125(ए) BNS में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान धारा 324(4) BNS, छत्तीसगढ़ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, मंजू सिंह तथा आरक्षक वेदराम पटेल एवं विनोद मनहर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



