वेल विशर फाउंडेशन का सेंट जेवियर्स स्कूल अकलतरा में स्वास्थ्य व सामाजिक जागरूकता शिविर, सैकड़ों विद्यार्थियों ने कराई जांच

जांजगीर चांपा। वेल विशर फाउंडेशन द्वारा सेंट जेवियर्स स्कूल अकलतरा में स्वास्थ्य जांच एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में 600 से अधिक विद्यार्थियों वाले विद्यालय से बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमर सुल्तानिया (सचिव, हरि लीला ट्रस्ट जांजगीर) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीप्ति रोहित सारथी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अकलतरा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंकज शुक्ला, बिहारी लाल ताम्रकार तथा केशव कौशिक सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग अकलतरा की टीम ने त्वचा, कुष्ठ, नेत्र और दंत रोगों की निःशुल्क जांच की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। जांच के बाद जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
मुख्य अतिथि अमर सुल्तानिया ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल स्तर पर ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने तथा अनुशासन में रहकर आगे बढ़ने की सीख दी। पंकज शुक्ला ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने का संदेश दिया। बिहारी लाल ताम्रकार ने नशा मुक्ति पर प्रभावशाली वक्तव्य देते हुए समाज को नशे से दूर रहने की अपील की।
प्राचार्य केशव कौशिक ने परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने के उपाय बताए। शिक्षिका वर्षा यादव ने बच्चों को गुड टच-बैड टच जैसे संवेदनशील विषय पर सरल भाषा में जागरूक किया, वहीं शिक्षिका प्रतीक्षा सिंह ने मोबाइल फोन के दुष्प्रभाव और सुरक्षित डिजिटल उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व सैनिक रोहित सारथी ने कैरियर मार्गदर्शन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलवामा हमले में शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही पूर्व सैनिक रोहित सारथी और शहीद रुद्र प्रताप सिंह के परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन वेल विशर फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य बिस्वजीत सिका ने किया। आयोजन में फाउंडेशन के पदाधिकारी, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




