Chhattisgarh

विश्व आदिवासी दिवस पर कोरबा में तीन दिवसीय आयोजन, आज अजगरबहार में लगेगा निशुल्क चिकित्सा शिविर

कोरबा, 8 अगस्त। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विश्व के प्रथम आदिवासी शक्तिपीठ, जिला कोरबा में 7 से 9 अगस्त तक तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, रूढ़ि-प्रथा, संवैधानिक अधिकारों और महान आदिवासी योद्धाओं के योगदान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

तीन दिवसीय आयोजन के तहत राज्य स्तरीय स्लोगन, लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आदिवासी समाज के अधिकारों, संविधान एवं संवैधानिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता को प्राथमिकता दी जा रही है। विभिन्न विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन एवं संचालन किया जा रहा है।

इसके अलावा राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ महिलाओं के लिए रस्साकशी, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

अजगरबहार में आज चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर

कार्यक्रम के तहत आज 8 अगस्त, शनिवार को कोरबा जिले के वनांचल ग्राम अजगरबहार में विशाल निशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में अजगरबहार सहित आसपास की 19 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में सुदूर वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

शिविर में मरीजों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जाएगा। करीब 15 चिकित्सक एवं उनकी टीम शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। रक्तदान के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

9 अगस्त को मुख्य मंचीय कार्यक्रम

तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य मंचीय कार्यक्रम 9 अगस्त, रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी शक्तिपीठ के विशाल प्रांगण में आयोजित होगा। कार्यक्रम में शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र सिंह दीवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा सर्व आदिवासी समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए आदिवासी शक्तिपीठ के सदस्य, पदाधिकारी एवं संरक्षक मंडल लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। शनिवार को शक्तिपीठ के संरक्षक रघुवीर सिंह मार्को, संरक्षक मोहन सिंह प्रधान, उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राज, सांस्कृतिक प्रमुख रूपेंद्र सिंह पर, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंवर, गेंद लाल सिदार, संगठन प्रमुख रमेश सिरका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र भगत, युवा प्रकोष्ठ से धर्मेंद्र ध्रुव एवं प्रवीण पालिया सहित सुमन नेताम, कृष्णा राजेश और रमाराज ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ली।

शक्तिपीठ के संरक्षक मोहन सिंह प्रधान ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। तीन दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button