विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र को मिली विकास की नई सौगात

जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विधायक ब्यास कश्यप के सतत और प्रभावी प्रयास एक बार फिर सफल साबित हुए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण मद के अंतर्गत क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों में सामुदायिक अधोसंरचना विकास के लिए कुल 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अमोरा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, ग्राम पंचायत सेमरा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत कुथुर में छतदार चबूतरा निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति से संबंधित ग्रामों में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को नया आधार मिलेगा।
सामुदायिक भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को बैठक, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन, विवाह समारोह एवं अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। वहीं छतदार चबूतरा निर्माण से ग्रामवासियों को बैठकों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए संरक्षित स्थल मिलेगा, जिससे गांव की सामुदायिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल ईंट-पत्थर की संरचना नहीं होते, बल्कि वे सामाजिक एकता, सहभागिता और विकास के केंद्र होते हैं। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। क्षेत्र की जन-आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह स्वीकृति दिलाई गई है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति पर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि ऐसे विकास कार्यों से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उल्लेखनीय है कि विधायक ब्यास कश्यप द्वारा विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने के साथ-साथ सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे जांजगीर-चांपा क्षेत्र विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।




