विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से तेंदूभाठा–सरखों–पाली राखड़ डेम तक बनेगी पक्की सड़क, 2.73 करोड़ की स्वीकृति

जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से तेंदूभाठा से सरखों होते हुए पाली राखड़ डेम तक पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र के सीएसआर मद से 2 करोड़ 73 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विधायक ब्यास कश्यप ने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी (सीएसईबी) के चेयरमेन श्री रोहित यादव से प्रत्यक्ष भेंट कर सड़क निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण की स्वीकृति पर सहमति दी गई, जिसके बाद अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
यह सड़क ग्राम तेंदूभाठा से सरखों होते हुए पाली राखड़ डेम तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी एवं 3.75 मीटर चौड़ी होगी। सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में यह मार्ग अत्यंत खराब और जर्जर स्थिति में है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क वर्षों से उनकी प्रमुख मांग रही है। बारिश के मौसम में मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाता था, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और किसानों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब पक्की सड़क बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि कृषि कार्य, व्यापार और अन्य विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का मानना है कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।




