विधायक ब्यास कश्यप की अनुशंसा पर जांजगीर-नैला में 35 लाख के विकास कार्य स्वीकृत

जांजगीर-चांपा, 12 जून। क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक ब्यास कश्यप की अनुशंसा पर नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र में कुल 35 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। सभी कार्य विधायक निधि से कराए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय जांजगीर परिसर में आम नागरिकों एवं अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 22 में विदेशी मदिरा दुकान के पीछे मछुआरा समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। भवन निर्माण से समाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी।
वहीं केरा रोड स्थित बैरिस्टर छेदीलाल भवन में अहाता निर्माण कार्य के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे भवन परिसर की सुविधाओं का विस्तार होगा और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी।
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि क्षेत्र के सभी वर्गों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विधायक निधि का उपयोग जनहित एवं समाजोपयोगी कार्यों के लिए किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वीकृत कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
विकास कार्यों की स्वीकृति पर स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।




