Chhattisgarh

वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी ने जूटमिल के नवीन थाना भवन और स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का किया लोकार्पण

रायगढ़, 11 अप्रैल 2026। (रिपोर्टर: पुष्पेंद्र श्रीवास)
राज्य शासन की सुशासन नीति के तहत नागरिक सुविधाओं को पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज रायगढ़ जिले में दो महत्वपूर्ण लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने जूटमिल क्षेत्र में नवीन थाना भवन तथा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का विधिवत लोकार्पण किया।

लोकार्पण अवसर पर वित्त मंत्री चौधरी ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की मंशा नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्मार्ट पंजीयन कार्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं तकनीक आधारित कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने पंजीयन की पूरी प्रक्रिया—ई-केवाईसी, आधार अपडेटेशन, ऑटो म्यूटेशन के बाद बी-1 एवं पी-2 की प्रति वितरण—को देखा और इसे नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय तकनीक-सक्षम और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ नागरिकों का विश्वास भी बढ़ेगा।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, गुरूपाल भल्ला, सुभाष पाण्डेय, विजय अग्रवाल, श्रीकांत सोमावार, रत्थू गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

जिला पंजीयक दीपक मंडावी ने जानकारी दी कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय वाई-फाई, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, पारदर्शी अपॉइंटमेंट प्रणाली, क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां नागरिकों के लिए आरामदायक प्रतीक्षा कक्ष, सुव्यवस्थित काउंटर, बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन और तकनीकी सहायता युक्त व्यवस्था विकसित की गई है।

कार्यालय परिसर में रजिस्ट्री प्रक्रिया से जुड़े जनहितैषी सुधारों का भी प्रदर्शन किया गया, जिनमें घर बैठे रजिस्ट्री एवं आधार सत्यापन, भारमुक्त प्रमाण-पत्र ऑनलाइन, एकीकृत कैशलेस भुगतान, बायोमेट्रिक प्रणाली, रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण और समयबद्ध सेवा वितरण शामिल हैं।

कार्यक्रम के अंत में नवीन थाना जूटमिल के स्टाफ की कार्यनिष्ठा की भी सराहना की गई, जिन्होंने पूरे समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

Related Articles

Back to top button