लोकभवन में दीपावली मिलन समारोह आयोजित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरे उत्सव के रंग

रायपुर, 14 नवंबर 2026। लोकभवन में शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी अतिथियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी राज्यपाल को दीपावली पर्व की बधाई दी। समारोह में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।
दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। आदर्श ग्राम तुलसी के कान्हा ग्रुप ने पारंपरिक राउत नाचा की प्रस्तुति दी, जबकि महिलाओं ने सुवा नृत्य और पंडवानी गायन से दर्शकों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ गर्ल्स बैंड ‘चिन्हारी’ की संगीत प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। वहीं, कुमारी भूमिसुता मिश्रा की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में गायक पृथ्वी तांडी और गौतम विश्वास ने असम के प्रसिद्ध गायक डॉ. भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर विशेष भावनात्मक माहौल बनाया। उनके गीतों ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा और पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने भी गायन की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, रिकेश सेन और संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।




