Chhattisgarh

लेन्ध्रा छोटे में अवैध शराब पर पुलिस की रेड, 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़। थाना कोसीर पुलिस ने ग्राम लेन्ध्रा छोटे में अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को थाना कोसीर की टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लेन्ध्रा छोटे में दो व्यक्ति अपने घर में बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब रखे हुए हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20-20 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरिकिन में भरी 20-20 लीटर तथा 5-5 लीटर क्षमता वाली दो जरिकिन में भरी 5-5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इस तरह कुल 50 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप निराला (20), पिता सुखीराम निराला और सुनीता निराला (45), पति सुखीराम निराला, दोनों निवासी ग्राम लेन्ध्रा छोटे, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 20 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिले में अपराध नियंत्रण के तहत जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में PSI उमाशंकर ठाकुर, प्रधान आरक्षक 74 भीम सिंह सिदार, महिला प्रधान आरक्षक 91 अंजना मिंज, आरक्षक 200 प्रदीप रात्रे, आरक्षक 148 सुरेश बर्मन सहित थाना कोसीर स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button