राष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने किया गेवरा ओपनकास्ट परियोजना का दौरा

0.एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान में आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल खनन प्रक्रियाओं का लिया जायजा
कोरबा, 22 फरवरी 2026। कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में 20 से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया प्रेस टूर के अंतर्गत शनिवार को राष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान, गेवरा ओपनकास्ट परियोजना का दौरा किया। इस अवसर पर South Eastern Coalfields Limited (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन प्रतिनिधिमंडल के साथ उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान सीएमडी दुहन ने मीडिया प्रतिनिधियों को गेवरा में अपनाई जा रही आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल खनन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्नत तकनीकों के माध्यम से सुरक्षित, उत्पादक और सतत खनन को सुनिश्चित किया जा रहा है। खदानों में ब्लास्ट-फ्री तकनीक के उपयोग से सुरक्षा और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (FMC) प्रणाली के माध्यम से यंत्रीकृत एवं पर्यावरण अनुकूल कोयला डिस्पैच को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है।
प्रतिनिधिमंडल को एसईसीएल की हरित पहलों से अवगत कराया गया, जिसमें मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण, धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय तथा खनन उपरांत भूमि के प्रगतिशील पुनर्वास कार्य शामिल हैं। मीडिया प्रतिनिधियों ने खदान में कार्यरत इंजीनियरों और श्रमिकों से संवाद कर ऑन-ग्राउंड खनन गतिविधियों, सुरक्षा प्रबंधन और तकनीकी नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
दौरे में DD News, The Hindu, Zee Business, Business Today, V6 News, Andhra Jyothi और NTV सहित प्रमुख राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों के पत्रकार शामिल रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक ए.के. त्यागी और गेवरा परियोजना की टीम मीडिया प्रतिनिधियों के साथ रही तथा सतत और पर्यावरण अनुकूल खनन को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
यह विज़िट मीडिया प्रतिनिधिमंडल के लिए एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान में अपनाई जा रही आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-संवेदी खनन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुई।




