राष्ट्रीय एकता दिवस पर 31 अक्टूबर को धमतरी के 21 स्थानों पर होगा ‘एकता परेड-2026’ का लाइव प्रसारण, शाम 5:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

धमतरी, 30 अक्टूबर 2026। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में भव्य ‘एकता परेड-2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शाम 5:30 बजे से दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज सहित प्रमुख समाचार चैनलों पर किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन से आम नागरिकों को जोड़ने के लिए धमतरी पुलिस ने जिले के 21 प्रमुख स्थानों पर लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की है।
धमतरी SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न पुलिस कार्यालयों, थाना-चौकी परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम के सामूहिक प्रसारण की तैयारी की गई है। यहां नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारी और जवान भी एकता परेड का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
एकता परेड-2026 में देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट, साहसिक करतब और विशेष कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की लोक-संस्कृति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
धमतरी जिले में लाइव प्रसारण के लिए निर्धारित प्रमुख स्थलों में SP कार्यालय का सभाकक्ष, पुलिस कम्पोजिट भवन रुद्री, गांधी मैदान धमतरी, रुद्री पॉलिटेक्निक कॉलेज, ग्राम पंचायत कुकरेल, आदिवासी छात्रावास अकलाडोंगरी, जनपद सभाकक्ष नगरी और सीएएफ कैंप बहीगांव शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न थाना और चौकी परिसरों में भी प्रसारण की व्यवस्था की गई है।
धमतरी पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे अपने नजदीकी निर्धारित प्रसारण स्थल पर पहुंचकर अथवा दूरदर्शन और अन्य प्रमुख समाचार चैनलों के माध्यम से एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण देखें। पुलिस ने कहा कि यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है।




