राष्ट्रीय एकता के विकास में एनसीसी की भूमिका महत्वपूर्ण — अनुराग तिवारी

0 पंडित राम सरकार पांडेय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा में एनसीसी प्रशिक्षण प्रारंभ
जांजगीर । पंडित राम सरकार पांडेय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की कक्षाओं का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस विद्यालय के एनसीसी अधिकारी अनुराग तिवारी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता और अनुशासन के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
अनुराग तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के विकास में एनसीसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एनसीसी न केवल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और सेवा की भावना का विकास करता है, बल्कि यह देश की एकता और अखंडता के प्रति जिम्मेदारी का बोध भी कराता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण से छात्र देश की सीमाओं की रक्षा में सैनिकों की भूमिका को समझ पाते हैं और स्वयं को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करते हैं।
प्रशिक्षण सत्र में कोरबा से आए पी.आई. स्टाफ ने विद्यार्थियों को मानचित्र अध्ययन (Map Reading) के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सेना के जवान मानचित्र का सूक्ष्म अध्ययन कर युद्ध क्षेत्र में रणनीति तैयार करते हैं। विद्यार्थियों ने मानचित्र में प्रयुक्त प्रतीकों, दिशाओं और संकेतों को समझते हुए विषय में गहरी रुचि दिखाई।
एनसीसी अधिकारी अनुराग तिवारी ने विद्यार्थियों को परेड की मूलभूत गतिविधियों जैसे “सावधान”, “विश्राम” और “जय हिंद” के नियमों की जानकारी दी तथा अनुशासन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की एनसीसी सीनियर कैडेट कुमारी पायल ने कहा कि “हमारे विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि इस वर्ष एनसीसी की कक्षाएं प्रारंभ हुई हैं। यह सब हमारे एनसीसी अधिकारी अनुराग तिवारी और प्राचार्य संदीप श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संभव हुआ है।”
कुमारी कंचन ने कहा कि “एनसीसी से जुड़ने के बाद मुझे गर्व का अनुभव हो रहा है। अनुराग सर के अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेकर मैं भी एक आदर्श कैडेट बनना चाहती हूं।” वहीं छात्र गुलजार कुमार ने कहा कि “मुझे एनसीसी में आने की प्रेरणा अनुराग सर से मिली। आज राष्ट्रीय एकता के विषय में उनकी बातें सुनकर मुझे एहसास हुआ कि देश की एकता को बनाए रखने में मेरी क्या भूमिका हो सकती है।”
विद्यालय के प्राचार्य संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि “एनसीसी की कक्षाएं विधिवत प्रारंभ हो चुकी हैं और विद्यार्थी बड़े उत्साह से इसमें भाग ले रहे हैं। इस पहल से न केवल विद्यार्थियों में अनुशासन और सेवा की भावना का विकास होगा, बल्कि वे एक सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।”
इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “जय हिंद” के जोशपूर्ण नारे के साथ हुआ।




