Chhattisgarh

रायपुर में 18.330 किलो गांजा के साथ ओडिशा के दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 9.16 लाख का गांजा जब्त

रायपुर, 14 सितम्बर 2026। सूखे नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने लालपुर ओवरब्रिज के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे ओडिशा के दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 16 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे से पिट्ठू बैग में खाकी टेप से लिपटा हुआ गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 18.330 किलोग्राम निकली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल हरिजन (19 वर्ष), पिता मोती लाल हरिजन, निवासी ग्राम सालेकेला, थाना बूढ़ेन, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा और भीमराज तांडी (23 वर्ष), पिता टिकनू तांडी, निवासी ग्राम सालेकेला, थाना बूढ़ेन, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 882/2026 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18.330 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 9,16,500 रुपये है, जब्त किया है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रोबिनसन गुड़िया के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) मनोज प्रजापति और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना टिकरापारा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button