Chhattisgarh

रायपुर में त्योहारी सीजन को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, ड्रोन से बाजारों की निगरानी; 100 से अधिक वाहन क्रेन से हटाए गए

रायपुर, 06 नवंबर 2026। दीपावली और धनतेरस के त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में पुलिस की सघन पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, नो-पार्किंग में खड़े और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ ई-चालान एवं क्रेन से जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस द्वारा सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस अधिकारी और जवान बाजारों में यातायात व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं, ताकि खरीदारी के लिए पहुंचने वाले नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो।

अभियान के तहत नो-पार्किंग जोन और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर ई-चालान काटने के साथ क्रेन की मदद से उन्हें हटाया जा रहा है। यातायात पुलिस के अनुसार, अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन से जब्त कर हटाया जा चुका है।

ड्रोन से बाजारों की निगरानी

त्योहारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल कर रही है। प्रमुख बाजार क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से एरियल निगरानी की जा रही है, ताकि यातायात व्यवस्था के साथ सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी नजर रखी जा सके।

निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर बनी व्हाइट लाइन यानी सफेद पट्टी के भीतर ही पार्किंग करें। नो-पार्किंग जोन और संकरे मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि अन्य राहगीरों को परेशानी न हो। पुलिस ने शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button