रायपुर में अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और मैग्जीन जब्त

रायपुर, 16 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक खाली मैग्जीन जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नार्थ जोन के पुलिस अधिकारियों को अवैध रूप से पिस्टल और कट्टा रखने एवं उनकी खरीदी-बिक्री करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत 15 फरवरी को पंडरी थाना पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भिक्षुक केंद्र के पास एक व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पंडरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नंदू शर्मा, निवासी रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और एक मैग्जीन बरामद हुई। जब पुलिस ने हथियार के वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंडरी थाना में अपराध क्रमांक 38/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त पिस्टल और मैग्जीन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। हथियार आरोपी को कहां से और किस माध्यम से मिला, इस संबंध में उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी नंदू शर्मा पहले भी मारपीट और हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियार के स्रोत की जांच में जुटी है।




