रायपुर में अवैध गैस सिलेंडर मामला: 16 घरेलू सिलेंडर के साथ युवक गिरफ्तार

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से रखे 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर संजय साव को गिरफ्तार किया। सिलेंडरों की कीमत 64 हजार रुपये बताई गई।
रायपुर, 22 मार्च 2026। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गैस सिलेंडर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 64 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, डीसीपी (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना खमतराई पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी संजय साव (30 वर्ष), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाठा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान वह सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी दी जा रही है।




