रायपुर पुलिस की नई पहल: अब हर सुबह मिलेगी सुरक्षा और जागरूकता की सीख, शुरू हुई ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ संदेश श्रृंखला

रायपुर, 04 नवंबर 2026। राजधानी में नागरिकों को अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नई जन-जागरूकता पहल की शुरुआत की है। इसके तहत अब प्रतिदिन सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ शीर्षक से जागरूकता संदेश जारी किए जाएंगे। इस अभियान की शुरुआत 4 नवंबर को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने की।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को दिन की शुरुआत में ही अपराध की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और सामान्य जन-सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराना है। पुलिस का प्रयास है कि आम नागरिक केवल सुप्रभात संदेश तक सीमित न रहें, बल्कि हर सुबह उन्हें सुरक्षा और सतर्कता से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी मिले।
अभियान के तहत फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन संक्षिप्त और व्यावहारिक जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इनमें ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, ओटीपी और फर्जी लिंक के जरिए होने वाले साइबर अपराध, फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल तथा डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।
इसके साथ ही यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों और यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों तथा आपातकालीन सहायता व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां भी साझा की जाएंगी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ पहल के जरिए हर नागरिक को सतर्क रहने और अपने दैनिक जीवन में सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सजग नागरिक ही सुरक्षित रायपुर की नींव हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और मीडिया जगत से इस अभियान से जुड़ने तथा जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि सामूहिक सहभागिता से अपराधों की रोकथाम और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।




