रायगढ़ में “विजुअल पुलिसिंग” सख्त: खुले में शराब पीने वालों और नशे में वाहन चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई

रायगढ़, 21 मार्च 2026। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा “विजुअल पुलिसिंग” अभियान को तेज कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर बीते तीन दिनों से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। खासतौर पर उन इलाकों को चिन्हित किया गया है, जहां अड्डेबाजी और खुले में शराब सेवन की शिकायतें मिल रही थीं।

इस अभियान के तहत 18 मार्च को चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पहाड़ मंदिर और टीवी टावर इलाके में पैदल मार्च कर सघन जांच की गई। इस दौरान छह लोगों को पकड़ा गया। खुले में शराब सेवन करते पाए गए एक आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई, वहीं शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया गया। इस धारा के तहत पहली बार अपराध करने पर 10 हजार रुपये जुर्माना या छह माह तक की सजा का प्रावधान है।
इसके बाद 19 मार्च को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार, उर्दना और ईलामाल इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए कुल 9 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
इसी कड़ी में जूटमिल थाना क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर पुलिस की मौजूदगी देखने को मिली। थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और रिजर्व बल ने पुराना बस स्टैंड, दुर्गा चौक, हीरानगर, कबीर चौक, कांशीराम चौक और अटल चौक क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। पुलिस की सक्रियता देखकर ठेले-गुमटियों में बैठे कई युवक मौके से हट गए। थाना प्रभारी ने इन क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “विजुअल पुलिसिंग” के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में प्रतिदिन पैदल गश्त जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में अनुशासन बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह का अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




