रायगढ़ में पिता-पुत्र पर तलवार से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

0 स्कूटी का तेल खत्म होने की बात पर हुआ था विवाद, हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से की थी मारपीट; जूटमिल पुलिस ने तलवार की बरामद
रायगढ़, 15 नवंबर। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक और उसके पिता के साथ हाथ-मुक्के, डंडे और तलवार से मारपीट की थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तलवार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोनुमुड़ा सोनकरपारा निवासी मनोज पानीकर (49) ने 31 अक्टूबर 2026 को जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी फल दुकान से घर पहुंचे थे। इसी दौरान घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार और उनके साथी स्कूटी का तेल खत्म होने की बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। मनोज ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो आरोपियों ने एकजुट होकर उनके और उनके पुत्र प्रिंस के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान डंडे और तलवार से भी हमला किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) और धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस टीम ने दबिश देकर दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी दिनदयाल भट्ट के मकान से वारदात में इस्तेमाल तलवार तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए। तलवार की बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले का चौथा आरोपी धनी भट्ट अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ SP शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त SP अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर SP राहुल उइके के सुपरविजन में की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी में जूटमिल TI निरीक्षक अभिनव सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




