Chhattisgarh

रानी धनराज कुँवर देवी शहरी स्वास्थ्य केंद्र बना आमजन का भरोसा, शहर के साथ ग्रामीणों को भी मिल रही गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क चिकित्सा

कोरबा। रानी धनराज कुँवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा शहर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का भरोसेमंद केंद्र बनकर उभरा है। यहां मरीजों को त्वरित उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे निजी अस्पतालों के महंगे इलाज पर उनकी निर्भरता कम हुई है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसका लाभ कोरबा शहर के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों और उपनगरीय क्षेत्रों के नागरिक भी उठा रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केशरी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में योग्य चिकित्सकों द्वारा मौसमी बीमारियों, बुखार और सामान्य रोगों का उपचार किया जा रहा है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की देखरेख में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच की सुविधा उपलब्ध है। मंगलवार और शुक्रवार को निःशुल्क सोनोग्राफी की जाती है, जबकि 24 घंटे सामान्य एवं सीजेरियन प्रसव की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

इसके अलावा बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण, रक्त, मूत्र, मलेरिया, टायफाइड और शुगर सहित आवश्यक पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क एक्स-रे, मलेरिया, डेंगू, टीबी तथा अन्य संक्रामक रोगों की जांच की सुविधा उपलब्ध है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं दवाइयां भी प्रदान की जा रही हैं।

स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से मरीजों के आवागमन के लिए महतारी एक्सप्रेस (102) की सुविधा भी उपलब्ध है।

डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज का संवेदनशीलता और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के साथ उपचार किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से प्रसव, परिवार कल्याण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के लिए इस स्वास्थ्य केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button