रक्षाबंधन पर साइबर सुरक्षा का संकल्प दिलाएगी कोरबा पुलिस, ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ की अनूठी पहल

कोरबा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत इस बार रक्षाबंधन को ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ की थीम के साथ मनाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत चल रही सेल्फी गतिविधि को रक्षाबंधन की थीम के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों को ‘जागरूकता की राखी’ के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
अभियान के तहत जिले के सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। नागरिकों को QR कोड स्कैन कर ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ थीम वाले सेल्फी फ्रेम के साथ सेल्फी लेने तथा उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
पुलिस का उद्देश्य रक्षाबंधन के माध्यम से लोगों को यह संदेश देना है कि जिस तरह राखी विश्वास, अपनापन और सुरक्षा का प्रतीक है, उसी तरह डिजिटल दुनिया में भी सतर्कता और जागरूकता जरूरी है। ‘जागरूकता की राखी’ के माध्यम से नागरिकों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए सावधानी बरतने का संदेश दिया जाएगा।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से इस विशेष साइबर जागरूकता गतिविधि में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने, अपने परिवार और मित्रों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा सोशल मीडिया पर कोरबा पुलिस को टैग करने का आग्रह किया है। पुलिस ने कहा कि इस रक्षाबंधन पर पारंपरिक राखी के साथ ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ का संकल्प लेकर स्वयं और अपने अपनों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की दिशा में कदम बढ़ाएं।




