रक्षाबंधन पर धमतरी पुलिस की अनूठी पहल, रिश्तों की सुरक्षा के साथ साइबर सुरक्षा का लिया संकल्प

धमतरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर धमतरी पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए अनूठी पहल की है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर “साइबर सुरक्षा बंधन” पहल शुरू की गई। इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के माध्यम से भाई-बहन के रिश्ते में निहित सुरक्षा और विश्वास की भावना को डिजिटल सुरक्षा से जोड़ना है।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे रक्षाबंधन के अवसर पर “एक राखी सुरक्षा के नाम” अभियान से जुड़ें और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित करें। इसके लिए नागरिक “जागरूकता की राखी” के साथ सेल्फी लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर सकते हैं। साथ ही परिवार, दोस्तों और परिचितों को भी ऑनलाइन ठगी तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक करने की अपील की गई है।

इस अभियान से जुड़ने के लिए नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान से संबंधित वेबसाइट पर जाकर सेल्फी ले सकते हैं। इसके अलावा सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर “सेल्फी लें” विकल्प का उपयोग भी किया जा सकता है। सेल्फी लेने के बाद इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, UPI PIN, पासवर्ड अथवा अन्य निजी और गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज या कॉल पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय ठगी होती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
धमतरी पुलिस की इस पहल के जरिए रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते की सुरक्षा तक सीमित न रखते हुए डिजिटल दुनिया में भी एक-दूसरे की सुरक्षा का संकल्प लेने का संदेश दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से “जागरूक बनें, साइबर सुरक्षित रहें और अपनों को भी सुरक्षित बनाएं” का संदेश अपनाने की अपील की है।




