Chhattisgarh

रंगोली के रंगों में साकार हुआ विकसित भारत का संकल्प, विद्यार्थियों ने दिखाई अद्भुत रचनात्मकता

जांजगीर चांपा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को TCL महाविद्यालय जांजगीर में ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता की थीम ‘विकसित भारत’ रखी गई थी। जिले के प्रमुख महाविद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने रंगों, कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत की आकर्षक तस्वीर प्रस्तुत की।

प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने पारंपरिक रासायनिक रंगों के बजाय पत्तियों, फूलों, चावल के आटे, दाल और चायपत्ती जैसी प्राकृतिक सामग्री का उपयोग कर रंगोलियां तैयार कीं। इन रंगोलियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र के समग्र विकास का प्रभावशाली संदेश देखने को मिला।

प्रतियोगिता में ज्ञानदीप महाविद्यालय ने प्रथम, शासकीय जाजल्यदेव कन्या महाविद्यालय ने द्वितीय तथा शासकीय TCL पीजी महाविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ज्ञानदीप महाविद्यालय की विजेता रंगोली की थीम ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’, जाजल्यदेव कन्या महाविद्यालय की ‘एक पेड़ मां के नाम’ और TCL पीजी महाविद्यालय की रंगोली की थीम ‘उज्ज्वला योजना’ रही।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, जिला महामंत्री श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, आशुतोष गोस्वामी, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, विकास शर्मा, प्रियंका सिंह, डॉ. धनेश्वरी जागृति, मेघा यादव, गोलू दुबे, प्रदीप राठौर सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। TCL महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरे, कार्यक्रम प्रभारी श्री अभय सिन्हा एवं शिक्षकगणों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कार्यक्रम का आयोजन ‘सेवा के रंग’ के जिला संयोजक एवं जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी के निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि रंगोली केवल कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, सामाजिक सरोकार और विकसित भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्ध सोच को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम बनी।

Related Articles

Back to top button