मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी, डेढ़ घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा; समझाइश के बाद सुरक्षित उतरी

सक्ती। हसौद स्थित शासकीय कन्या शाला के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। किशोरी के टावर से छलांग लगाने की बात कहने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। वहीं डायल 112 की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
डायल 112 में तैनात घनश्याम पांडे, कमलेश धरिया और संजय शर्मा ने किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए उससे बातचीत शुरू की। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उसे समझाने और नीचे आने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन किशोरी टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत करते रहे। आखिरकार लगातार समझाइश और बातचीत के बाद किशोरी नीचे उतरने के लिए राजी हुई, जिसके बाद उसे सुरक्षित मोबाइल टावर से नीचे उतार लिया गया।
किशोरी के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की और उसे भविष्य में इस तरह का जोखिम भरा कदम नहीं उठाने की समझाइश दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी सक्ती जिले के ग्राम करही की रहने वाली है और वर्तमान में हसौद में अपने मामा के यहां रह रही थी। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम संबंध से जुड़े विवाद से संबंधित हो सकता है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।




