मोबाइल को लेकर भाई से विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, दर्री क्षेत्र में घटना से शोक

कोरबा,02 नवम्बर 2026। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर भाई-बहन के बीच हुए विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अयोध्यापुरी निवासी सानिया बानो के रूप में हुई है। वह कक्षा नौवीं की छात्रा थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो का 31 अक्टूबर की रात मोबाइल फोन को लेकर अपने भाई के साथ विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर घर में तनाव की स्थिति बन गई। विवाद को शांत कराने के लिए उनकी मां ने मोबाइल फोन छिपा दिया और दोनों को मोबाइल के कारण बार-बार झगड़ा करने पर नाराजगी जताते हुए फोन नहीं देने की बात कही।

बताया जा रहा है कि मां की इस बात से सानिया नाराज हो गई और घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। पिता ने टॉयलेट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो सानिया अंदर फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना से परिवार सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, सानिया शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में भी ठीक थी। महज मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई इस दुखद घटना ने क्षेत्र के लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




