मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026: 31 अगस्त तक आवेदन, चयनित कलाकारों को मिलेंगे 24 हजार रुपये तक

रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा लोक कलाकारों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। प्रदेश के पात्र लोक कलाकार इस योजना के तहत 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करना, कलाकारों का सम्मान बढ़ाना तथा कला दलों के सतत विकास को गति देना है। योजना के तहत चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि ई-पेमेंट के माध्यम से एक वित्तीय वर्ष में एक बार प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला यानी पारंपरिक व्यंजन और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला यानी श्रृंगार से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी आवेदन पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
योजना का लाभ केवल ऐसे कलाकारों को मिलेगा, जिनकी सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करनी होगी।
कलाकारों को अपनी प्रविष्टियां संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़)-492018 के पते पर भेजनी होंगी। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना जरूरी होगा।
प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना के माध्यम से प्रदेश के लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ उनकी कला को व्यापक पहचान दिलाने और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।





