Bilaspur Crime News : हनुमान जयंती शोभायात्रा में युवक पर चाकू से हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 05 अप्रैल। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 अप्रैल 2026 की है, जब शहर में हनुमान जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं। इसी दौरान चांटीडीह सरकंडा निवासी सन्नी श्रीवास अपने साथी सूरज साहू के साथ तोरवा स्थित पेंडलवार अस्पताल के सामने रैली देख रहे थे। तभी दयालबंद क्षेत्र के रहने वाले प्रियांशु बोले अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और साइड हटने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे धारदार चाकू से सूरज साहू के पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार होकर छिपते फिर रहे थे। इसके बाद साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रैक कर 5 अप्रैल 2026 को कोतवाली क्षेत्र से दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रियांशु बोले (25 वर्ष), ओम बोले (23 वर्ष) और राघवेन्द्र राव उर्फ सुरेश (26 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियांशु बोले के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



