मुंबई में गरबा खेलते समय 19 साल के युवक की मौत, आया कार्डियक अरेस्ट!

मुंबई के गोरेगांव पश्चिम इलाके में गरबा उत्सव के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है. यहां गरबा खेलते समय 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक की मौत कार्डियक अरेस्ट आने की वजह से होने की आशंका है. घटना के बाद उत्सव में शामिल लोगों के बीच शोक का माहौल है. पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित गोकुल गणेश ग्राउंड में सेजल रास गरबा उत्सव का आयोजन किया गया था. उत्सव के आखिरी दिन बड़ी संख्या में लोग गरबा खेलने और कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान 19 वर्षीय युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई.
युवक गरबा खेल रहा था, तभी यह घटना हुई. उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद उत्सव से जुड़ी खुशियां मातम में बदल गईं. हालांकि, युवक की तबीयत किस वजह से बिगड़ी और घटना से ठीक पहले क्या परिस्थितियां थीं, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
गुजरात का रहने वाला था मृतक युवक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक गुजरात का रहने वाला था और उसकी उम्र महज 19 साल थी. इतनी कम उम्र में युवक की मौत होने से यह घटना चर्चा में है. शुरुआती तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
पुलिस ने दर्ज की ADR, जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. फिलहाल, शुरुआती जानकारी के आधार पर कार्डियक अरेस्ट को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है. इस मामले में जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.




