मनरेगा संशोधन के खिलाफ युवा कांग्रेस का बिगुल, युवा महापंचायत की घोषणा, NOB फॉर्म किया गया लॉन्च

जांजगीर-चांपा, 31 जनवरी। मनरेगा में किए गए संशोधन के विरोध में युवा कांग्रेस ने जोरदार मोर्चा खोलते हुए आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। युवा कांग्रेस ने इस संशोधन को मजदूरों, ग्रामीण युवाओं और गरीब तबके के अधिकारों पर सीधा हमला बताते हुए युवा महापंचायत के आयोजन की घोषणा की है। इसी कड़ी में शनिवार को जांजगीर-चांपा में एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
यह प्रेस वार्ता छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मंडरे एवं प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशानुसार जिला स्तर पर आयोजित की गई। प्रेस वार्ता का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने किया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किया गया संशोधन मजदूरों को रोजगार से वंचित करने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर होगी और बेरोजगारी को और बढ़ावा मिलेगा। युवा कांग्रेस इस फैसले को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी और इसके खिलाफ लगातार संघर्ष करेगी।
इस दौरान NOB फॉर्म का भी विधिवत रूप से लॉन्च किया गया। पंकज शुक्ला ने बताया कि NOB फॉर्म के माध्यम से आम जनता और युवाओं को आंदोलन से जोड़ा जाएगा, ताकि मनरेगा संशोधन के खिलाफ आवाज को और अधिक मजबूती मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में युवा महापंचायत के जरिए बड़े स्तर पर जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा है और इसमें किया गया कोई भी संशोधन मजदूरों के हक छीनने जैसा है। युवा कांग्रेस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि वह मनरेगा संशोधन के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और मजदूरों तथा ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी।










