मनरेगा बचाने को लेकर जांजगीर-चांपा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय घेराव के दौरान पुलिस से झड़प

जांजगीर चांपा। जांजगीर चाम्पा में मनरेगा योजना को बचाने की मांग को लेकर आज मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कलेक्टर कार्यालय घेराव के लिए निकले। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लगाए गए सुरक्षा घेरों को तोड़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर कार्यालय के सामने लगाए गए टीन शेड के गेट को तोड़ने का प्रयास भी किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति निर्मित हो गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने का प्रयास किया।
आंदोलन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ भी शामिल हुए। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि और विधायक भी प्रदर्शन में मौजूद रहे। इनमें जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेन्द्र सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है और श्रमिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इसी के विरोध में कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही कलेक्टर कार्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया था, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की और भीड़ को आगे बढ़ने से रोका। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक क्षेत्र में आवागमन और प्रशासनिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।



