Chhattisgarh

भोरमदेव में 6 किमी इको ट्रेल की शुरुआत, वन महोत्सव में उप मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

146 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं से मिलेगा नया आयाम, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद

रायपुर/कबीरधाम, 11 जुलाई।
कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव के अवसर पर लगभग छह किलोमीटर लंबी भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ ट्रेल का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और वन्यजीवों का अवलोकन किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध है। जंगल सफारी के बाद अब इको ट्रेल की शुरुआत से पर्यटकों को प्रकृति के और अधिक निकट जाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र रोजगार सृजन का सबसे प्रभावी माध्यम है और भोरमदेव में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से होटल, परिवहन, खान-पान, हस्तशिल्प तथा अन्य स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वर्तमान में कई युवा नेचर गाइड के रूप में कार्य कर रहे हैं और भविष्य में ऐसे अवसरों में और वृद्धि होगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक विरासत की सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्क, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूंआ तथा सरोदा बांध सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। परियोजनाएं पूरी होने के बाद भोरमदेव राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।

वन विभाग द्वारा विकसित छह किलोमीटर लंबी इको ट्रेल को पूरा करने में लगभग तीन से चार घंटे का समय लगेगा। ट्रेल के दौरान प्रशिक्षित नेचर गाइड पर्यटकों को औषधीय वनस्पतियों, पक्षियों, तितलियों, वन्यजीवों तथा स्थानीय जैव विविधता की जानकारी देंगे।

वन महोत्सव के तहत उप मुख्यमंत्री ने करियाआमा गांव में 51 काला आम के पौधों का रोपण कर ‘काला आम उपवन’ की स्थापना की। इसके साथ ही जिले में 50 हजार सीड बॉल अभियान और एक लाख पौधों के वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। पौधों के वितरण के लिए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट भी वितरित किए गए।

वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि भोरमदेव इको ट्रेल का संचालन करियाआमा गेट स्थित भोरमदेव इको कैंप से प्रत्येक शनिवार और रविवार को किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button