भीषण सड़क हादसा : शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को बेकाबू ट्रक ने कुचला, 13 की मौत, करीब 40 घायल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नवरात्रि के दौरान माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में धान से लदा एक अनियंत्रित ट्रक घुस गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद कई श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया और मंदिर के मुख्य गेट व बाहरी दीवार से जा टकराया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि पर्व के चलते ग्वालियर स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। मंदिर परिसर और आसपास की सड़कों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई थी। इसी दौरान छिनोर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। ट्रक की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, छिनोर की ओर से मंदिर तक आने वाले मार्ग पर खड़ी ढलान है। सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए पुलिस ने बैरिकेड्स भी लगाए थे। इसके बावजूद धान से लदा ट्रक बैरिकेड्स तोड़ते हुए ढलान से नीचे की ओर बढ़ गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के बीच पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह श्रद्धालुओं को चपेट में लेने के बाद मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से टकराकर रुका। हादसे के समय मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घटनास्थल पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस दुर्घटना ने मंदिर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंध और पुलिस बैरिकेडिंग के बावजूद भारी वाहन मंदिर की ओर कैसे पहुंच गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रक के अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी, ब्रेक फेल होना या चालक की लापरवाही में से क्या कारण था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नवरात्रि के दौरान माता के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ हुई इस दुर्घटना से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।




