Chhattisgarh

भाटापारा में चाकू से जानलेवा हमला, दो सगे भाई गिरफ्तार; 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा

भाटापारा, 02 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा शहर में मामूली विवाद के दौरान चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के पेट पर धारदार चाकू से प्राणघातक वार किया था। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल स्टील का चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे संत रविदास वार्ड स्थित चौक के पास अरविंद कुर्रे और आरोपी मोहन कोसले व सन्नी कोसले के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान मोहन कोसले ने गाली-गलौज करते हुए अरविंद के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान सन्नी कोसले ने पुरानी रंजिश के चलते अरविंद की हत्या करने की नीयत से धारदार चाकू निकालकर उसके पेट पर वार कर दिया। हमले में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की रिपोर्ट प्रार्थी योगेश कुर्रे ने थाना भाटापारा शहर में दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद फरार होकर इलाके से भागने की फिराक में घूम रहे आरोपियों की सूचना मिलने पर थाना भाटापारा शहर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्टील का धारदार चाकू भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी कोसले (21 वर्ष) और मोहन कोसले (25 वर्ष), दोनों निवासी संत रविदास वार्ड, भाटापारा शहर के रूप में हुई है। SP गौरव राय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button