भाजपा स्थापना दिवस पर ‘गांव चलो अभियान’ तेज: जांजगीर के वार्ड 11 और 13 में जनसंवाद, योजनाओं की दी जानकारी

जांजगीर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर नगर के वार्ड क्रमांक 11 और 13 में ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी राकेश कुमार रूपवानी और मंडल कोषाध्यक्ष सुधीर झाझडिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने वार्ड के नागरिकों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। साथ ही योजनाओं से संबंधित जानकारी भी विस्तार से दी गई।

इस मौके पर राकेश कुमार रूपवानी ने कहा कि ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यही इस अभियान का मूल दर्शन है और इसी सोच के साथ कार्यकर्ता मैदान में काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड में लोगों की समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को ध्यानपूर्वक सुना गया है और उन्हें दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड के प्रबुद्धजनों, माताओं और हितग्राहियों का श्रीफल और शाल भेंट कर सम्मान किया गया। इस पहल से स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अभियान में मंडल अध्यक्ष हितेश यादव, वार्ड 11 के प्रभारी मंडल मंत्री रितेश राठौर, वार्ड 13 के प्रभारी पंकज कहारा, कार्यक्रम संयोजक उमेश राठौर, युवा मोर्चा अध्यक्ष सोनू यादव सहित पंकज अग्रवाल, आशु गोस्वामी, अनील शर्मा, आकाश सिंह, आलोक मिश्रा, विक्की सिंह और अजीत गढ़वाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




