भाजपा नेताओं के सह में हो रहा नशे का कारोबार–विधायक व्यास कश्यप

जांजगीर चांपा। दुर्ग जिले में हाल ही में पकड़ी गई अवैध अफीम की खेती के मामले ने प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में दुर्ग जिले के एक गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ,जहां से हजारों की संख्या में अफीम के पौधे नष्ट किए गए। मामले की जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।
इस मामले को लेकर जांजगीर-चांपा के विधायक व्यास कश्यप ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का कारोबार भाजपा नेताओं के संरक्षण में चल रहा है। कश्यप ने कहा कि दुर्ग जिले में पकड़ी गई अफीम की खेती इस बात का प्रमाण है कि सत्ता से जुड़े लोगों की सहमति के बिना इतना बड़ा अवैध कारोबार संभव नहीं है।
विधायक व्यास कश्यप ने सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है और इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।




