बोर्ड परीक्षा व होली को लेकर सख्ती, डीजे संचालकों और होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत नियम उल्लंघन पर जप्ती व वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
कोरबा, (छत्तीसगढ़)। बोर्ड परीक्षाओं एवं आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में डीजे संचालकों एवं होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक आयोजित की गई।

बैठक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी की उपस्थिति में संपन्न हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा होली पर्व कानून-व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण में ही मनाया जाना चाहिए।
डीजे संचालकों को दिए गए निर्देश
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। रात्रि 10 बजे के बाद बिना विशेष अनुमति डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र पूर्णतः बंद रखे जाएं। ध्वनि स्तर निर्धारित डेसिबल मानक से अधिक नहीं होना चाहिए। परीक्षा केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अस्पतालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर उपकरण जप्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण तथा प्रकरण दर्ज करने जैसी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
होली सामग्री विक्रेताओं को चेतावनी
होली सामग्री विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार के मुखौटे (मास्क) का विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आपत्तिजनक, अश्लील या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री की बिक्री नहीं की जाए। साथ ही हानिकारक रासायनिक रंग अथवा स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक पदार्थों की बिक्री पर भी रोक लगाने को कहा गया। प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित संचालकों एवं व्यापारियों ने सभी नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों, आयोजकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखें तथा होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में सहयोग करें। अभियान के तहत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




