Chhattisgarh

बिलासपुर स्मार्ट सिटी के हर प्रोजेक्ट की बनेगी SOP, संचालन से राजस्व सृजन तक तैयार होगा पूरा खाका

बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। बिलासपुर स्मार्ट सिटी के तहत तैयार परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव को व्यवस्थित करने के लिए अब हर प्रोजेक्ट की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जाएगी। इसके जरिए परियोजनाओं के बेहतर उपयोग, दीर्घकालिक संचालन और रखरखाव की स्पष्ट व्यवस्था तय होगी। साथ ही नागरिकों के लिए इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के साथ राजस्व सृजन की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 20वीं बैठक हुई। बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति, संचालन, रखरखाव और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रमुख सचिव बोरा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना के संचालन एवं रखरखाव के लिए स्पष्ट SOP तैयार की जाए और निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप कार्य किया जाए। उन्होंने परियोजनाओं के बेहतर उपयोग के साथ-साथ उनसे राजस्व अर्जित करने के विकल्पों पर भी विचार करने को कहा। आवश्यकता के अनुसार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए गए।

मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने पर जोर

बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की क्षमता विकास पर भी जोर दिया गया। प्रमुख सचिव ने ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से अधिक लोगों को जोड़ने तथा आवश्यक प्रशिक्षण और कार्य अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परियोजनाओं में किस अधिकारी या कर्मचारी की क्या जिम्मेदारी होगी, इसे स्पष्ट रूप से निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया।

एजुकेशन हब और जल परियोजनाओं पर चर्चा

बैठक में एजुकेशन हब में अकादमिक ब्लॉक के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उपलब्ध BSCL निधि से प्रस्तावित कार्य को संस्थागत स्थायित्व और बेहतर उपयोग की दृष्टि से आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। इसके अलावा जल संबंधी कार्यों और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक भीम सिंह कंवर, CHiPS के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक अग्रवाल, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि सुजीत कुमार, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक प्रकाश कुमार सर्वे सहित बोर्ड के अन्य सदस्य और अधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button