Chhattisgarh

बिलासपुर में शराब के लिए पैसे मांगने से मना किया तो युवक पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 09 सितम्बर। सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट कर नुकीली धातु से चोट पहुंचाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नुकीला लोहे का पेचकस भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले के अनुसार, छोटी कोनी बॉम्बे आवास देवनगर निवासी 21 वर्षीय राहुल श्रीवास ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के मुताबिक 28 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह सिम्स अस्पताल के गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान गोंडपारा आदर्श चौक निवासी 30 वर्षीय आशीष यादव वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

राहुल द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और नुकीली धातु से हमला कर उसकी हथेली में चोट पहुंचाई। घायल युवक का उपचार सिम्स अस्पताल में कराया गया।

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 486/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 119(1), 118(1), 115(2) और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

पुलिस को 9 सितंबर 2026 को मुखबिर से आरोपी के गोंडपारा क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आशीष यादव को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से नुकीला लोहे का पेचकस जब्त किया। आरोपी आशीष यादव को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button