Chhattisgarh

बिर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.78 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी जब्त

जांजगीर-चांपा,11 जुलाई 2026। जिले के बिर्रा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.780 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 57,800 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी से बिक्री के लिए गांजा लेकर बिर्रा क्षेत्र की ओर आ रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सिलादेही स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार कैलाश कुमार आजाद (37), निवासी टूडरी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.780 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा उसे पुरुषोत्तम साहू (45), निवासी ठकुरडिया, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने बिक्री के लिए उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने एंड-टू-एंड विवेचना के तहत पुरुषोत्तम साहू को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

बिर्रा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक तीजराम जांगड़े तथा बिर्रा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button