बालक आश्रम इलमिड़ी में दर्दनाक हादसा: जहरीले सांप के डसने से 6वीं के छात्र की मौत

बीजापुर।
जिले के उसूर तहसील अंतर्गत बालक आश्रम इलमिड़ी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जहरीले सांप के डसने से 6वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। इस घटना से आश्रम परिसर में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृत छात्र विनय कुरसम, मुंजालकांकेर गांव का निवासी था और आश्रम में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि भोजन के बाद वह अन्य बच्चों के साथ आश्रम परिसर में खेल रहा था, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी एम व्ही राव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद छात्र को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इल्मिड़ी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे आगे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आवापल्ली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है।




