Chhattisgarh

बालकोनगर के श्री राम मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी उत्सव, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन हुए शामिल

कोरबा/बालको नगर, 05 सितम्बर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बालको नगर स्थित श्री राम मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्सव में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानव समाज को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

जन्माष्टमी उत्सव के दौरान श्री राम मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिर प्रांगण भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस दौरान “जय श्री कृष्ण” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सैकड़ों लोगों ने जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।

Related Articles

Back to top button