Chhattisgarh

बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। जिले के पसान ग्राम के ग्रामीणों ने लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से परेशान होकर तहसीलदार पसान को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले काफी समय से गांव में बिना किसी पूर्व सूचना के कई-कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि लगातार बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। रात के समय अंधेरा रहने से चोरी और सर्पदंश जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। वहीं बीमार एवं वृद्ध लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से चिकित्सा उपकरणों का उपयोग भी प्रभावित हो रहा है, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने तहसीलदार से मांग की है कि दो दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो समस्त ग्रामवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत वितरण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।

ज्ञापन ग्राम पंचायत पसान के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की ओर से सौंपा गया।

Related Articles

Back to top button