Chhattisgarh

बजट में युवा वर्ग की अनदेखी, रोजगार और स्टार्टअप को लेकर ठोस पहल का अभाव : पार्षद राज सिंह

अकलतरा। प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर युवा वर्ग में निराशा का माहौल है। अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 के युवा पार्षद राज सिंह ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश का बजट हमेशा युवाओं की उम्मीदों का दस्तावेज़ माना जाता है, लेकिन इस बार प्रस्तुत बजट में युवाओं की अपेक्षाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ठोस और प्रभावी प्रावधानों का अभाव साफ नजर आता है।

राज सिंह ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन बजट में नई भर्तियों को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप सामने नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए भी कोई विशेष प्रोत्साहन योजना घोषित नहीं की गई, जिससे युवाओं की उम्मीदों को झटका लगा है।

उन्होंने शिक्षा और कौशल विकास के मुद्दे पर भी चिंता जताते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा में फीस नियंत्रण और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। इसके अलावा कौशल विकास योजनाओं के विस्तार और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के लिए भी कोई स्पष्ट रणनीति बजट में दिखाई नहीं देती।

पार्षद राज सिंह ने कहा कि युवा उद्यमियों को स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए आसान ऋण, टैक्स में राहत और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने वाले विशेष पैकेज की उम्मीद थी, लेकिन बजट में इस दिशा में कोई बड़ी नई योजना सामने नहीं आई। इससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं कमजोर होती नजर आ रही हैं।

उन्होंने महंगाई के मुद्दे को भी गंभीर बताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर छात्रों और नौकरीपेशा युवाओं पर पड़ रहा है। किराया, शिक्षा और दैनिक जरूरतों के खर्च में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन युवाओं के लिए किसी विशेष राहत पैकेज की घोषणा नहीं की गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार आने वाले समय में युवाओं की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ठोस कदम उठाएगी।

Related Articles

Back to top button