प्लम्बर दिवस में ऑपरेटर व प्लम्बरों को किया गया सम्मानित

बलौदाबाजार, 11 मार्च 2026। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्लम्बर दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्लम्बरों एवं पंप ऑपरेटरों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप अभियंता कली राम पैकरा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में प्लम्बर एवं पंप ऑपरेटरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को प्राप्त करने में इनका विशेष योगदान है।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए प्रशिक्षित प्लम्बर एवं पंप ऑपरेटरों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें जल स्रोतों के संरक्षण, पाइपलाइन के रख-रखाव एवं जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण का संदेश भी दिया गया तथा सभी उपस्थित लोगों से जल के समुचित उपयोग और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।



