प्रदेश बजट पर कांग्रेस का हमला, कहा – “जनता की अपेक्षाओं से दूर है बजट”

- ब्लॉक कांग्रेस नवागढ़ अध्यक्ष गौरव सिंह नें कहा – रोजगार, किसान और मजदूर की अनदेखी।
जांजगीर चांपा । छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा राज्य का आम बजट प्रस्तुत किए जाने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ तेज हो गई हैं। बजट को लेकर नवागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गौरव सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रस्तुत बजट जनता की वास्तविक आवश्यकताओं और अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता।
गौरव सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का यह बजट जमीनी समस्याओं से कटा हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, किसानों की आर्थिक स्थिति और मजदूर वर्ग की परेशानियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। उनके अनुसार बजट में रोजगार सृजन के ठोस प्रावधानों की कमी दिखती है, जिससे युवाओं को निराशा हाथ लग सकती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किए गए चुनावी वादों और “गारंटी” के दावों के अनुरूप बजट में स्पष्ट दिशा और ठोस योजनाएँ दिखाई नहीं देतीं। धान किसानों के समर्थन मूल्य, बोनस, सिंचाई सुविधाओं और ग्रामीण विकास के मुद्दों पर भी अपेक्षित प्रावधान नहीं किए गए हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता है, लेकिन बजट में इन क्षेत्रों के लिए पर्याप्त संसाधन आवंटन स्पष्ट रूप से परिलक्षित नहीं होता। उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता, किसान, मजदूर और युवाओं की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए नीतियों में संशोधन किया जाए।




